पटना (न्यूज़ सिटी)। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने किसान भवन में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति,में आयोजित सामाजिक- सांस्कृतिक संस्था "मंड...
पटना (न्यूज़ सिटी)। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने किसान भवन में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति,में आयोजित सामाजिक- सांस्कृतिक संस्था "मंडली" की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक " जाग उठा किसान" की प्रस्तुति देखने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए जो कृषि कानून बनवाये, उसका सही संदेश पहुँचाने में "मंडली" के कलाकारों ने सराहनीय काम किया। इस नाटक की प्रस्तुति हर गांव में होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ-साथ युवाओं, कलाकारों के हितों का भी ध्यान रखेगी।
मंडली के निर्देशक राकेश मिश्र ने मुख्य किसान की भूमिका निभायी। किसानों को गुमराह कर आंदोलन की राह पर धकेलने वाले नेता "पप्पू बकैत" की भूमिका में प्रेमवर्धन चतुर्वेदी, किसान पुत्र के रूप में प्रेम राज वर्मा और अन्य भूमिकाओं में राजीव कुमार सिन्हा, चंदन त्रिपाठी, रविराज आदि ने प्रभावशाली अभिनय किया। संगीत दिया कलिराज ने।
इस अवसर पर भाजपा के संगठन मंत्री नागेन्द्र जी ने कलाकारों को आशीर्वाद दिया और कहा कि यह प्रस्तुति
कृषि कानून को लेकर किसानों के बीच फैलाये जा रहे भ्रम को दूर करने वाली है।
नुक्कड़ नाटक के संयोजक एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कुमार यादव ने बताया कि विभिन्न पंचायतों-प्रखंडों में नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में बिहार सरकार भू राजस्व मंत्री रामसूरत राय, प्रदेश संग़ठन मंत्री शिवनारायण जी,दीघा विधायक संजीव चौरसिया,मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूँगटा आदि उपस्थित थे।






