पटना सिटी (न्यूज सिटी)। अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एजेंसी के माध्यम से अस्पताल में बहाल 93 वार्ड अटेंडेंट को काम से हटाए...
पटना सिटी (न्यूज सिटी)। अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एजेंसी के माध्यम से अस्पताल में बहाल 93 वार्ड अटेंडेंट को काम से हटाए जाने के विरोध में वार्ड अटेंडेंट ने अस्पताल के मुख्य गेट के समक्ष जमकर विरोध प्रदर्शन कर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर आक्रोशित वार्ड अटेंडेंट का कहना था कि इस कोरोना काल में भी उन लोगों ने अपनी जान की परवाह नहीं कर पूरी ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी बजाई है, बावजूद इसके बिना किसी नोटिस के उन्हें काम से हटा दिया गया है।
इस अवसर पर आक्रोशित वार्ड अटेंडेंट ने राज्य सरकार के बेरोजगारी हटाओ अभियान पर सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि एक ओर जहां राज्य सरकार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन देती है, वही उसके मातहत कार्यालय के अधिकारी लोगों का रोजगार छीनने में जुटी है। इस मौके पर वार्ड अटेंडेंट ने काम नहीं लिए जाने पर चरणबद्ध आंदोलन चलाए जाने की भी चेतावनी दी। गौरतलब है कि अस्पताल में निजी एलाइड एजेंसी द्वारा 93 वार्ड अटेंडेंट को तैनात किया गया था, जिसकी सेवा समाप्त कर दी गई है। एक अन्य निजी एजेंसी इंद्रप्रस्थ द्वारा नए सिरे से 93 वार्ड अटेंडेंट को अस्पताल में बहाल किया गया है।



