पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एजेंसी के माध्यम से अस्पताल में बहाल 93 वार्ड अटेंडेंट को काम से हटाए...
पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एजेंसी के माध्यम से अस्पताल में बहाल 93 वार्ड अटेंडेंट को काम से हटाए जाने के बाद नए एजेंसी द्वारा वार्ड अटेंडेंट को बहाल किए जाने के विरोध में काम से हटाए गए वार्ड अटेंडेंट ने अस्पताल के मुख्य गेट के समक्ष धरना प्रदर्शन कर अपना आक्रोश प्रकट किया। मौके पर आक्रोशित वार्ड अटेंडेंट ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही अस्पताल प्रशासन से मांग करते हुए कहा की हमलोगो को तत्काल सेवा वापस लिया जाए।
आक्रोशित वार्ड अटेंडेंट का कहना था की हमलोग कोरोना काल में पूरी ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी बजाई है। इसके बावजूद हमलोगो को बिना किसी नोटिस के काम से हटा दिया गया है। इस दौरान आक्रोशित वार्ड अटेंडेंट ने राज्य सरकार के बेरोजगारी हटाओ अभियान पर भी सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि एक ओर जहां राज्य सरकार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन देती है, वही उसके मातहत कार्यालय के अधिकारी लोगों का रोजगार छीनने में जुटे हैं। वार्ड अटेंडेंट ने सेवा वापस नहीं होने पर आत्मदाह किए जाने की भी चेतावनी दी। गौरतलब है कि अस्पताल में निजी एलाइड एजेंसी द्वारा 93 वार्ड अटेंडेंट को तैनात किया गया था, जिसकी सेवा समाप्त कर दी गई है। वहीं अब एक अन्य निजी एजेंसी इंद्रप्रस्थ द्वारा नए सिरे से 93 वार्ड अटेंडेंट को अस्पताल में बहाल करने का जिम्मा सौपा गया है।



