पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। अगमकुआं स्थित NMCH में भर्ती कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत की दुखद खबर के बाद अस्पताल से एक राहत भरी खबर भी है। जहां अस...
पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। अगमकुआं स्थित NMCH में भर्ती कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत की दुखद खबर के बाद अस्पताल से एक राहत भरी खबर भी है। जहां अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव 10 मरीजों को आज एक साथ अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। स्वस्थ हुए मरीजों में बक्सर जिले के चार, पटना जिले के तीन, सासाराम जिले के एक, नालंदा जिले के एक और मुंगेर जिले का एक मरीज शामिल है। स्वस्थ हुए 10 मरीजों में 4 बच्चे भी शामिल हैं।
वही RMRI में कोरोना की तीसरी सैंपल जांच में सभी 10 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें 14 दिनों के होम क्वॉरेंटाइन के लिए अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एंबुलेंस से इन सभी 10 मरीजों को उनके घर भेज दिया गया। कोरोनावायरस से जिंदगी की जंग जीत लेने से सभी मरीज काफी उत्साहित दिखे। वही मरीजो के स्वस्थ होने से NMCH के डॉक्टरों के प्रति विशेष आभार प्रकट किया है। साथ ही आम लोगों से भी इस बीमारी का डटकर मुकाबला करने की अपील की है।

आज एक साथ 10 मरीजों के स्वस्थ होकर घर लौटने पर अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने प्रसन्नता जताते हुए लोगों से इस बीमारी को लेकर विशेष एहतियात बरतने की अपील की है।
बताया जाता है कि NMCH से अबतक कुल 73 कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने-अपने घर को लौट चुके हैं। वहीं अस्पताल में भर्ती दो कोरोना पॉजिटिव मरीज की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। हालांकि मौत के शिकार हुए दोनों मरीज पूर्व से गंभीर कैंसर से पीड़ित थे।



