पटना सिटी : गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 358वें प्रकाश पर्व के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को पटनासिटी म...
पटना सिटी : गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 358वें प्रकाश पर्व के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को पटनासिटी में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जिलाधिकारी के विशेष निर्देश पर आलमगंज, खाजेकलां, चौक और मालसलामी थाना क्षेत्रों में अभियान के तहत अवैध कब्जे हटाए गए।
इस दौरान प्रशासनिक टीम ने सड़कों पर अवैध रूप से सजी सैकड़ों दुकानों को हटाया और जेसीबी मशीन की मदद से पक्के निर्माण भी ध्वस्त कर दिए। अभियान के तहत अतिक्रमणकारियों से जुर्माना वसूला गया, जिससे अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया।
दंडाधिकारी ने मौके पर कहा कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नियमित और सख्त अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकाश पर्व जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान आमजन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाना आवश्यक है।
प्रशासन की इस सख्ती से पटना सिटी के मुख्य बाजारों और गलियों में अवैध अतिक्रमणकारियों में भय का माहौल देखा गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत किया और कहा कि यह लंबे समय से जरूरी था।
गौरतलब है कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर हर साल देशभर से लाखों श्रद्धालु पटना साहिब पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन का यह कदम सराहनीय है।




