PATNA CITY : बाईपास थानाक्षेत्र के मरचा मरची रोड में बिल्डर से 50 लाख रंगदारी मांगे जाने और नहीं देने पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधिय...
PATNA CITY : बाईपास थानाक्षेत्र के मरचा मरची रोड में बिल्डर से 50 लाख रंगदारी मांगे जाने और नहीं देने पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधियों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से जहां 7 खोखा बरामद किया है, वहीं घटना में प्रयुक्त अपराधियों की दो बुलेट मोटरसाइकिल भी जप्त की है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 7 मोबाइल भी बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मालसलामी के नंद गोला निवासी विकास कुमार, चौक थाना क्षेत्र के धवलपुरा निवासी नीतीश कुमार, हेमंत कुमार दास और चौक थाना क्षेत्र के कौवाखोह निवासी दीपक पासवान के रूप में की गई है। गिरफ्तार सभी अपराधी बेउर जेल में बंद कुख्यात अपराधी सागर यादव के गिरोह के सक्रिय सदस्य बताए जाते हैं। बताया जाता है कि जेल में बंद सागर यादव के इशारे पर अपराधियों द्वारा मालसलामी थानाक्षेत्र निवासी बिल्डर कुमार कौशल से मोबाइल फोन पर 50 लाख रंगदारी की मांग की थी, और नहीं देने पर बीते देर रात मरचा मरची रोड स्थित उनके कंस्ट्रक्शन साइट पर अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। पटना सिटी के पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिटी एसपी पटना पूर्वी भरत सोनी ने मामले में चार अपराधियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में संलिप्त सभी अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया। सिटी एसपी की माने तो जेल में बंद कुख्यात अपराधी सागर यादव के इशारे पर ही अपराधियों द्वारा बिल्डर से 50 लाख रंगदारी की मांग की गई थी, और नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। सिटी एसपी की माने तो गिरफ्तार सभी अपराधी पूर्व में आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान में जुट गई है। गौरतलब है कि बीते देर रात हथियारबंद अपराधियों ने मरचा मरची रोड में अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी थी।




.jpeg)