पूर्णिया। जिला के बायसी थाना क्षेत्र में 19 मई की रात मझवा गांव के महादलितों पर हुए हमले, हत्या और आगजनी का अब पूरे सूबे में घोर निंदा की जा...
पूर्णिया। जिला के बायसी थाना क्षेत्र में 19 मई की रात मझवा गांव के महादलितों पर हुए हमले, हत्या और आगजनी का अब पूरे सूबे में घोर निंदा की जा रही है. सोशल मीडिया से लेकर सत्ता के गलियारों में भी अब इसकी चर्चा गूँजने लगी है. बता दें की इस घटनाक्रम में लगभग एक दर्जन से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं. वहीं इस घटना में पूर्व चौकीदार की हमलावरों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी.
बता दें कि वर्ष 2017 में इसी मझवा गांव में एक युवक की हत्या कर शव को सुनसान खेत में फेंक दिया गया था. लेकिन इस मामले को पुलिस ने गम्भीरता से नही लिया. जिससे हमलावर पक्ष को लगातार पुलिस के इस रवैये से मजबूती मिलता रहा. वहीं घटना वाले दिन यानी 19 मई को भी समूचे घटनाक्रम से पहले शाम में दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी. जिसे मौके पर तैनात चौकीदारों ने किसी तरह सुलझा दिया था. मगर देर रात जब सभी सोए थे. एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, मारपीट की गई, पूर्व चौकीदार की हत्या कर दी गई और गांव को आग के हवाले कर दिया गया.
ग्रामीणों ने बताया कि हमलावर उन्हें मारने के इरादे से आए थे. इसी मंशा से हमलावर हथियार ही नहीं बल्कि पेट्रोल भी अपने साथ लेकर आए थे. मारपीट, लूटपाट और हत्या के बाद उन्होंने एक के बाद एक 13 घरों को आग के हवाले कर दिया. पुलिस घटना के करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची.
इस घटना क्रम में जहां एक रिटायर्ड चौकीदार की पीट पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई. वही महिलाओं और बच्चे पर भी जुल्म की इन्तहां कर दी. वही पीड़ित महिलाओं ने बताया कि जमीन को लेकर 2015 से ही इस तरह की घटना होती आ रही है. जबकि बीते 24 अप्रैल को भी लोगों की पिटाई कर घरो में आग लगा दिया था. साथ ही इस बार उपद्रवियों ने इन्हें चैन, तलवार से पीटने के साथ साथ गाल में दांत भी काट लिया. इतना से भी मन नही भरा तो नग्न कर दुष्कर्म भी किया.
इस घटना की चर्चा पूरे सूबे में जोर पकड़ता जा रहा है. जिसको लेकर अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि,भाजपा एमएलसी दिलीप जायसवाल, एआईएमआईएम के बायसी विधायक सैय्यद रुकमुद्दीन समेत कई नेताओं ने भी घटना स्थल पर पहुंच कर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए आरोपियों की जल्द से जल्द दगिरफ्तारी की मांग की है.
पूर्णिया जिलाधिकारी राहुल कुमार मामले को लेकर बताया कि घटना में मारे गए चौकीदार नेवालाल राय के परिजन को चार लाख मुवावजा रुपये दिए गए हैं. शेष चार लाख रुपये चार्जशीट के बाद दिया जाएगा. साथ ही अन्य पीड़ितो को सरकारी मानकों के अनुसार मुआवजा की राशि दी जाएगी. आगे जिलाधिकारी ने कहा कि गांव में खाने पीने के लिए कम्युनिटी किचन की व्यवस्था की गई है. साथ ही पीड़ित परिवारों को जमीन चिन्हित कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के निर्देश दिए गए हैं.
पूर्णिया पुलिस अधीक्षक दया शंकर ने मामले को लेकर बताया कि बायसी थानाध्यक्ष अमित कुमार को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. एसपी ने आगे बताया कि अब धमदाहा के सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार सुमन को प्रभारी बनाया गया है. इस घटना क्रम को लेकर तीन अलग अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है. पीड़ित परिवारों ने 60 नामजद और 100 अज्ञात के लोगो के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. एक बच्चा गायब होने की सूचना मिली थी जो गलत था. अब आगे गांव में लोग भयमुक्त होकर रह सके, इसके लिए पुलिस की तैनाती किया गया है.
पूर्णिया से श्याम नंदन की रिपोर्ट।।




