अररिया। विश्व टीबी दिवस पर 24 मार्च को जिले में जागरूकता संबंधी कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। विश्व टीबी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की रूप...
अररिया। विश्व टीबी दिवस पर 24 मार्च को जिले में जागरूकता संबंधी कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। विश्व टीबी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार के लिये जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ वाईपी सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिला यक्ष्मा कार्यालय में आयोजित बैठक में टीबी उन्मूलन की दिशा में काम करने वाले विभिन्न सहयोगी संस्था के प्रतिनिधि एसटीएस, एसटीएलएस, डीपीएस सहित अन्य ने भाग लिया। बैठक में टीबी रोग के उन्मूलन के लिये स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी। बैठक में टीवी नोटिफिकेशन, आउटकम, डीबीटी ,डुप्लीकेशन नोटिफिकेशन, कांटेक्ट ट्रेसिंग साथ ही विश्व टीबी दिवस के सफल आयोजन के लिये कारगर रणनीति पर विचार किया गया। बैठक में ये निर्णय लिया गया कि विश्व टीबी दिवस पर प्रखंडवार विशेष जागरूकता कैंप का आयोजन किया जायेगा। इसमें बीडीओ, सीओ व सीडीपीओ, एलएस के साथ पंचायत स्तरीय प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक में जिला टीवी व एड्स कोर्डिनेटर दामोदर शर्मा, डीपीएम एड्स अखिलेश कुमार सिंह, केअर इंडिया की डीटीएल पर्णा चक्रवती, पिंकू साह, गुणानंद साह, मो आसिम, अनवर, उदयचंद्र पासवान, चंदन कुमार, सावन अख्तर, फिरोज बख्त राही, सायक वसीली, मनोज कुमार गोस्वामी रंजीत रंजन सहित अन्य मौजूद थे।
निक्षय योजना को प्रचारित करने पर रहेगा जोर :
विश्व टीबी दिवस की सफलता को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए जिला संचारी रोग विशेषज्ञ डॉ वाईपी सिंह ने कहा कि कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को टीबी संक्रमण की अधिक संभावना रहती है। देश से टीबी रोग को पूरी तरह खत्म करने व टीबी संक्रमित मरीजों के इलाज व उन्हें विशेष सुविधा प्रदान करने के लिये सरकार द्वारा कई जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसमें निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को बेहतर पोषण के लिये पांच सौ रुपये प्रति माह दिये जाने का प्रावधान है। टीबी रोगियों की खोज व इलाज के लिये उन्हें सरकारी अस्पताल रेफर किये जाने पर निजी चिकित्सकों को भी प्रोत्साहन के रूप में निर्धारित राशि के भुगतान का प्रावधान है। विश्व टीबी दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के दौरान इन योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार व इसे लेकर आम लोगों को जागरूक किये जाने पर विशेष जोर दिया जायेगा।
टीबी उन्मूलन की दिशा में केअर इंडिया करेगा सहयोग :
मिलिनियम डेवलपमेंट गोल के तहत वर्ष 2025 तक देश से टीबी रोग को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य निर्धारित हैंं। टीबी उन्मूलन की दिशा में किये जा रहे प्रयासों में केयर इंडिया का जरूरी सहयोग लिया जा रहा हैं। इस संबंध में केयर इंडिया की डीटीएल पर्णा चक्रवती ने बताया कि विश्व टीबी दिवस पर प्रखंड वार आयोजित कैंपन में कम्युनिकेशन कैंपेन की सफलता के लिये जरूरी प्रयास किया जाना है। इसमें प्रशासन, शिक्षा सहित अन्य विभागों के बीच आपसी समन्वय को बेहतर बनाते हुए टीबी मरीजों की खोज व लोगों को रोग से बचाव व इसके इलाज के लिये उपलब्ध इंतजाम के प्रति जागरूक करने की दिशा में विशेष पहल की जानी है। ताकि इस अभियान को सफल बनाया जा सके।




