पटना (न्यूज सिटी)। भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेशाध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने लॉकडाउन के दौरान आम जनता की मदद के लिए बिहार भाजपा द्वारा च...
पटना (न्यूज सिटी)। भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेशाध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने लॉकडाउन के दौरान आम जनता की मदद के लिए बिहार भाजपा द्वारा चलाये गए राहत कार्यों की कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रशंसा करने को संजीवनी बताया। उन्होंने कहा, ‘यह अविस्मरणीय क्षण है। देश के 130 करोड़ लोगों के दिलों में बसने वाले महानायक द्वारा अपने राज्य और पार्टी की सराहना सुनना अद्भुत और अविस्मरणीय था। प्रधानमंत्री जी द्वारा की गयी बड़ाई हमारे कार्यकर्ताओं के लिए संजीवनी का काम करेगी और हम दोगुने उत्साह के साथ सेवाकार्य में जुटेंगे।'

श्री जायसवाल ने कहा, ‘इसके लिए मैं बिहार भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई और धन्यवाद देता हूं। वास्तव में प्रधानमन्त्री जी द्वारा की गयी यह सराहना हमारे बूथ-बूथ पर फैले कार्यकर्ताओं की मेहनत और लगन का प्रतिफल है, जिन्होंने कोरोना जैसी विभिषका के सामने घुटने टेकने से इंकार कर दिया और अपनी जान और भविष्य जोखिम में डाल कर सेवा कार्यों में तन-मन-धन से लगे रहे। प्रधानमंत्री जी की पीठ पर थपकी पाकर निश्चय ही हमारे कार्यकर्ताओं के लिए अमृत-बूंद सरीखी होगी।’
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा, ‘हमारे कार्यकर्ताओं ने यह साबित कर दिया है कि चाहे कैसी भी आपदा हो, वह अपने लक्ष्य और कर्तव्यपथ से डिगने वाले नहीं है। संकट के बावजूद चाहे लोगों तक राशन पहुँचाना हो, फेस कवर्स का वितरण हो या प्रवासी मजदूर भाइयों की सहायता हो, हमारे कार्यकर्ता बन्धुओं ने कोरोना की आँखों में आँखे डालते हुए हुए हर मोर्चे पर सफलतापूर्वक काम किया है।’
जायसवाल ने कहा कि उनको गर्व है कि ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं के वह प्रदेश अध्यक्ष हैं, जिनके लिए संगठन सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, ‘मुझे गर्व है अपने संगठन पर जिसके लिए सेवा ही आदि है और सेवा ही अंत। मुझे गर्व है भाजपा पर। सभी कार्यकर्ता बन्धुओं को कोटि-कोटि नमन। संकट के समय ही किसी संगठन अथवा नेतृत्व की परीक्षा होती है। हमारे माननीय और जन-जन के प्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने नेतृत्व को नयी ऊंचाई दी, तो हमारे कार्यकर्ताओं ने नींव का वह पत्थर बनने का कार्य किया, जो आगे चलकर बेहद विशाल कंगूरों को थाम लेता है। एक बार फिर से नमन, उन कार्यकर्ताओं को।“



