पटना (न्यूज सिटी)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज स्वयं पहल पर अपना कोविड-19 टेस्ट कराया। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री बिहार विधान परिषद के स...
पटना (न्यूज सिटी)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज स्वयं पहल पर अपना कोविड-19 टेस्ट कराया। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह के साथ हाल ही में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अवधेश नारायण सिंह के कोविड-19 की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं पहल कर आज अपना कोविड-19 का टेस्ट करवाया। मुख्यमंत्री ने अपने नजदीक काम करने वाले अधिकारियों को भी कोविड-19 टेस्ट कराने का निर्देश दिया है। साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उनके नजदीक काम करने वाले अधिकारियों ने भी अपना कोविड-19 टेस्ट करवाया। हालांकि चिकित्सीय प्रोटोकॉल के अनुसार सभी सावधानियां जा रही हैं।

बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति निकले कोरोना संक्रमित
जानकारी के अनुसार बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह सपरिवार कोरोना संक्रमित पाए गए। उनके परिवार में पत्नी, उनके दो पुत्र और एक बहु एवं उनके आप्त सचिव को कोरोना जांच के बाद संक्रमित पाया गया। उन्होंने 30 जून को अपने आवास पर ही कोरोना जांच के लिए सैम्पल दिया था। इसकी रिपोर्ट आने के बाद उन्हें संक्रमित पाया गया। इसके बाद शनिवार को सभी को एम्स, पटना में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
विस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री समेत 15 का लिया गया सैम्पल
गौरतलब हैं कि बीते एक जुलाई को विधान सभा कोटे नवनिर्वाचित नौ विधान पार्षदों को उनकी जीत के बाद विधान परिषद में शपथ दिलाई गई थी। इसमें मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी समेत कई जाने-माने राजनेताओं की शिरकत रही थी। विप कार्यकारी सभापति के संक्रमित पाए जाने के बाद विस अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और उनके गार्ड का भी सैम्पल लिया गया। श्री मोदी ने भी सावधानी बरतते हुए जांच कराई। डॉक्टरों की टीम ने उनके सरकारी आवास 5 देशरत्न मार्ग में आकर कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया। उनके आप्त सचिव शैलेन्द्र नाथ ओझा ने कहा कि उनका भी सैंपल जांच में गया है और एक दो अन्य कर्मियों का भी सैंपल जांच में भेजा गया है जो उपमुख्यमंत्री के आसपास रहते हैं। इसके साथ ही कुछ अन्य लोगों समेत 15 सैम्पल लिए जाने की सूचना है।



