PATNA CITY : अगमकुआं स्थित राजकीय फार्मेसी कॉलेज के छात्र पंकज कुमार द्वारा बीते रविवार को खुदकुशी की घटना को अंजाम दिए जाने के बाद से कॉ...
PATNA CITY : अगमकुआं स्थित राजकीय फार्मेसी कॉलेज के छात्र पंकज कुमार द्वारा बीते रविवार को खुदकुशी की घटना को अंजाम दिए जाने के बाद से कॉलेज के छात्रों में कॉलेज प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में राजकीय फार्मेसी कॉलेज के छात्रों ने आज कॉलेज में तालाबंदी कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर आक्रोशित छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग दोहराते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। इस मौके पर आक्रोशित फार्मेसी छात्रों का कहना था कि कॉलेज में क्लास नहीं होने के बाद भी प्रैक्टिकल की परीक्षा में कॉलेज के एक शिक्षक द्वारा काफी कठिन सवाल पूछे जा रहे थे। कॉलेज के छात्रों का यह भी कहना था कि प्रैक्टिकल परीक्षा को लेकर अटेंडेंस सीट पर पंकज कुमार का साइन भी छूट गया था, जिसे लेकर कॉलेज के शिक्षक द्वारा उसे काफी डांट पिलाई गई थी, जिसके बाद से वह काफी परेशान था। छात्रों का कहना था कि इसी हताशा में आकर पंकज ने गले फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। गौरतलब है की बीते रविवार को कॉलेज के समीप स्थित एक लॉज में गले में फांसी लगाकर राजकीय फार्मेसी कॉलेज के छात्र कैमूर जिला के भभुआ निवासी पंकज कुमार ने खुदकुशी कर ली थी ।




